मुंबई को फिर मिली बम धमाके की धमकी, पुलिस हाई अलर्ट पर

मुंबई को एक बार फिर आतंकवादी हमले की धमकी मिली है। इस बार धमकी सुसाइड बॉम्बिंग यानी ह्यूमन बम ब्लास्ट की है। धमकी भरा संदेश मुंबई पुलिस की ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सऐप नंबर पर भेजा गया, जिससे अनंत चतुर्दशी के मौके पर सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
धमकी का विवरण
मैसेज में दावा किया गया है कि 34 गाड़ियों में ह्यूमन बॉम्ब लगाए गए हैं और विस्फोट के बाद पूरा मुंबई शहर हिल जाएगा। संदेश में ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नामक संगठन का जिक्र किया गया है। साथ ही, यह भी कहा गया कि 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस चुके हैं।
400 किलो RDX ब्लास्ट की चेतावनी
धमकी भरे मैसेज में यह तक कहा गया है कि 400 किलो आरडीएक्स का विस्फोट किया जाएगा, जिससे 1 करोड़ लोगों की जान जा सकती है। इस गंभीर चेतावनी के बाद मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है और शहर को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब मुंबई को बड़े पैमाने पर बम धमाके की धमकी दी गई है। पिछले कुछ महीनों में कई बार पुलिस कंट्रोल रूम और पुलिस नंबरों पर कॉल या मैसेज के जरिए धमकियां दी जा चुकी हैं।
- दो हफ्ते पहले वारली के फोर सीजन होटल में धमाके की चेतावनी दी गई थी।
- 14 अगस्त को पुलिस को फोन कर बताया गया कि ट्रेन में धमाका होगा, हालांकि जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
- 26 जुलाई को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) को उड़ाने की धमकी दी गई थी। कॉलर ने स्पष्ट कहा था कि स्टेशन पर बम रखा जाएगा, लेकिन जांच में वह भी झूठी निकली।
पुलिस की कार्रवाई
हर बार की तरह इस बार भी मुंबई पुलिस ने धमकी को गंभीरता से लिया है। पुलिस टीमें अलर्ट मोड पर हैं और जांच शुरू कर दी गई है। चूंकि धमकी का स्तर इस बार काफी बड़ा और भयावह है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
नवीनतम अपडेट और रोमांचक कहानियों के लिए हमें ट्विटर, गूगल न्यूज और इंस्टाग्राम पर फॉलो करें और फेसबुक पर हमें लाइक करें।









