चंद्रयान-2 ने किया चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल का स्वागत, चंद्रयान-3 लैंडर मॉड्यूल ने चंद्रयान-2 ऑर्बिटर से किया कांटेक्ट
नई दिल्ली: चंद्रयान-3 को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है कि चंद्रयान-2 के ‘आर्बिटर’ और चंद्रयान-3 के ‘लुनार मॉड्यूल’ के बीच दो तरफा संचार स्थापित हुआ है, जो इसरो को लैंडर के साथ बहुत आसानी से संपर्क बनाए रखने में सक्षम बनाएगा। चंद्रयान -2 ऑर्बिटर जो पहले से ही चंद्रमा के चारों ओर तय किया गया था, उसने सोमवार को चंद्रयान -3 के लैंडर मॉड्यूल के साथ दो तरफा कनेक्शन स्थापित किया।
इसरो ने अपने टि्वटर हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा, “स्वागत है दोस्त! चंद्रयान-2 आर्बिटर ने औपचारिक रूप से चंद्रयान-3 लैंडर मॉड्यूल का स्वागत किया। दोनों के बीच दोतरफा संचार स्थापित हो गया है। एमओक्स (मिशन ऑपरेशंस कॉम्पलेक्स) के पास अब लैंडर मॉड्यूल तक पहुंचने के लिए अधिक मार्ग हैं।”
इसरो के मुताबिक, चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल का 23 अगस्त को शाम करीब छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर उतरने की उम्मीद है।
चंद्रयान-2 मिशन 2019 में भेजा गया था। इस अंतरिक्षयान में आर्बिटर, लैंडर और रोवर शामिल था। लैंडर के अंदर एक रोवर था। लैंडर चंद्रमा की सतह पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे यह मिशन के ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहा था।