देशभर में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए हो रही पूजा-अर्चना, अयोध्या में हवन पूजन तो लखनऊ में पढ़ी गई नमाज

नई दिल्ली: भारत के चंद्रायन-3 मिशन पर दुनिया नजर टिकाए बैठी है, हर भारतीय के दिल में बस एक ही आस है और वह है चंद्रायन-3 मिशन की कामयाबी। पूरा देश यह चाहता है कि विक्रम लैंडर सफलतापूर्वक चांद की सतह पर आज लैंडिंग कर पाए। इसे लेकर अब पूरे देश में पूजा और प्रार्थनाओं का भी दौर शुरू हो गया है। पूरा देश मिलकर भगवान से प्रार्थना कर रहा है कि यह मिशन अपने टारगेट को पूरा कर पाए।
यूपी से लेकर एमपी तक पूजा पाठ का चलन शुरू हो चुका है। मध्य प्रदेश के सीहोर के प्रख्यात प्राचीन गणेश मंदिर में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए मंदिर के पुजारियों ने विशेष पूजा-अर्चना की। पुजारियों ने सफल लैंडिग के लिए पूजा पाठ के साथ गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ किया। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालु भी मौजूद रहे।
यूपी के अयोध्या में दिवाकराचार्य महाराज ने चंद्रयान 3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग के लिए हवन-पूजन किया और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व इसरो प्रमुख को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
वहीं दूसरी तरफ लखनऊ की ऐशबाग ईदगाह स्थित जामा मस्जिद में जुहर की नमाज के बाद इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए दुआ कराई। दुआ में काफी तादात में लोग शामिल हुए।